मोढ़ रोड के सालिमपुर स्थित पेट्रोल पंप से सटा हुआ वह कुआं जिसमें पेट्रोल निकलने की खबर फैली थी।
नगर के मोढ़ रोड सालिमपुर स्थित सड़क किनारे एक निजी कुएं से पेट्रोल निकलने की ख्रबर पर वहां भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी यह भी मिली है कि जुटे लोग बाल्टी से पेट्रोल भी निकालने का जुगाड़ लगाने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर जा पहुंची और कुंए पर तैनात रही। कुंए से डेढ़ सौ फीट की दूरी पर स्थित पेट्रोल टंकी के स्वामी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि कहीं टंकी से पेट्रोल रिस कर भूजल में तो नहीं जा रहा?
सोमवार को दोपहर 12 बजे खबर उड़ी कि सालिमपुर स्थित आशु फिलिंग स्टेशन के पास स्थित कुएं से पेट्रोल निकल रहा है। देखते देखते यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और कुएं के पास भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग तो कुएं से पेट्रोल निकालने की भी तैयारी करने लगे। इस बीच भीड़ बढ़ती देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाया।
लोगों की मानें तो कुएं के पानी में पेट्रोल घुला हुआ था। लेकिन लोग यह समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर वहां पेट्रोल कहां से आ रहा है? कुएं के स्वामी पवन दूबे ने बताया कि उन्होंने खुद देखा कि पानी में पेट्रोल की मात्रा अधिक है। इस बीच पास स्थित पेट्रोल टंकी के स्वामी रामचंद्र गुप्ता ने अपने टंकी की जांच करानी शुरू कर दी है कि कहीं पेट्रोल टंकी में तो लीकेज नहीं है।