नगर के मिर्जापुर तिराहे पर रविवार की शाम करीब सात बजे ट्रक से कुचलकर पिता समेत दो पुत्रों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर लगते ही घर में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने के साथ ही घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
गोपीगंज के चंद्रपुरा (डोमनपुर) निवासी घनश्याम विश्वकर्मा का बेटा प्रमोद विश्वकर्मा (35) अपने दो पुत्रों हरिओम विश्वकर्मा (10) और लकी विश्वकर्मा (05) के साथ बाइक से बहन के यहां सुरियावां जा रहे थे।
मिर्जापुर तिराहे के पास सड़क खराब होने से असंतुलित होकर बाइक अनियंत्रित हो गई। जिससे वह बच्चों समेत गिर गए। जब तक वह संभलते, उसी बीच इलाहाबाद की ओर जा रहा एक ट्रक उन्हें रौंदते हुए निकल गया।
इससे मौके पर ही तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक के साथ फरार हो गया। हादसे के बाद वहां काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहूुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। बताया जाता है कि प्रमोद बढ़ई का काम करता था। गोपीगंज नगर के गोपपुर के पास उसकी दुकान है। प्रमोद के चार बच्चों में तीन बेटे और एक बेटी थे।
परिवार वालों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी है। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर थाने में काफी संख्या में लोगों की भीड़ पहुंच गई। हर कोई इस घटना को लेकर दुख जता रहा था।