18 महीने तक 50 रुपये प्रतिदिन जमा कराकर 31 हजार रुपये देने का वादा करने वाली चिट फंड कंपनी के संचालक कार्यालय में ताला लगाकर भाग गए। पैसे देकर फंसे लोग अब इधर-उधर भटक रहे हैं। ठगी के शिकार लगभग एक दर्जन नागरिक पैसा दिलाने और कंपनी संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर मंगलवार को कोतवाली पहुंचे। हालांकि अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
औराई रोड हनुमान बाग निवासी पवन कुमार मोदनवाल ने बताया कि कुछ महीने पूर्व रजपुरा में एक चिट फंड कंपनी का कार्यालय खुला था। संचालकों ने कहा था कि 18 माह की योजना है। हर रोज 50 रुपये देना है। योजना पूरी होने पर निवेशक के 27 हजार रुपये जमा हो जाएंगे, जिसके बदले कंपनी उन्हें 31 हजार रुपये लौटाएगी। बताया कि लोगों को बाकायदा प्रमाण पत्र वितरित किए गए थे। उन्होंने संचालकों के नाम और फोन नंबर देते हुए बताया कि कुछ लोग जो किस्त पूरी कर चुके थे, वे भुगतान की मांग कर रहे थे। लेकिन, कंपनी के लोग हीलाहवाली कर रहे थे। इस बीच सोमवार को कंपनी का कार्यालय ही बंद हो गया। इस बाबत कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि कुछ लोग मौखिक सूचना देने आए थे। उनसे तहरीर देने को कहा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निवेशकों में अधिकतर मेहनत मजदूरी करने वालेे और दूकानदार हैं।