ताजपुरडेहमा। तीन दिन पहले कमांडर जीप से रसड़ा जाने के दौरान हुई टक्कर में घायल ताजपुर निवासी वृद्ध की मंगलवार को ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलते ही घर में रोना-बिलखना शुरू हो गया।
इलाके के ताजपुर गांव निवासी सैफ उल्लास अंसारी का बेटा एनुद्दीन अंसारी (65) बीते रविवार को यात्री जीप से घर लौट रहा था। इसी दौरान शाम को करीब छह बजे बलिया जनपद के डेहरी गांव के सामने जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में नेवादा गांव निवासी चालक ब्रह्मदेव यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एनुद्दीन सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। परिवार के लोग आनन-फानन में एनुद्दीन को उपचार के लिए मऊ ले गए थे। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया था। उपचार के दौरान वहां उसकी मौत हो गई। सूचना आते ही परिवार में कोहराम मच गया। लोग चीख-पुकार करने लगे। लोगों के रोने की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग वहां पहुंचे और बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। एनुद्दीन की मौत से गांववासियों में शोक की लहर दौड़ गई।