लालानगर। देश की सीमा पर हालात तनावपूर्ण होते ही यहां पुलिस प्रशासन भी हाई अलर्ट मोड में आ गया है। सुरक्षा बलों की ओर से प्रमुख चट्टी-चौराहों, बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशनों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को पूर्वोत्तर रेलवे के माधोसिंह-इलाहाबाद सिटी सेक्सन पर जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चेकिंग अभियान चलाया।
आरपीएफ प्रभारी इलाहाबाद सिटी एवं जीआरपी चौकी इंचार्ज माधोसिंह ने दलबल के साथ सुबह से ही ज्ञानपुर रोड, जंगीगंज, भीटी, हंडिया, अहिमनपुर, सैदाबाद, रामनाथपुर समेत हाल्ट सरायजगदीश, अलमऊ, अतरौरा पहुंचकर लोगों पर पैनी नजर रखी। वहीं ज्ञानपुर रोड और माधोसिंह स्टेशन पर मयपरि वार दूरदराज क्षेत्रों को जोड़ने वाली ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों के सामान की गहनता से जांच की गई। रेलवे पुलिस की इस कार्रवाई से आम यात्रियों में खलबली मची रही। हालांकि इस दौरान किसी तरह की संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं दिखा। जांच टीम में जितेंद्र यादव, हरिवंश यादव, केके सिंह, मेवालाल, बुद्घिसागर यादव आदि शामिल रहे।
पत्थरबाजों पर विशेष नजर
ज्ञानपुर। उत्तर मध्य रेलवे के जंघई-वाराणसी रेल खंड के सुरियावां रेलवे स्टेशन पर बुधवार को पत्थरबाजों ने ओछी हरकत करते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस मामले को रेल प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुआडीह रेल खंड पर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों को नुकसान के आशंका वश रेलवे पुलिस की निगाहें ऐसी हरकतों को लेकर खास सतर्क रहीं।