भदोही। कोतवाली क्षेत्र के चौरी रोड मोरवा पुल के समीप मंगलवार दोपहर पिकअप वाहन की चपेट में आए एक बाइक पर सवार दो छात्रों में से एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों वुडवर्ड पब्लिक स्कूल के कक्षा बारहवीं के छात्र थे। मृतक हिम्मतपुर बकुचियां निवासी पवन कुमार पाल (18) एलआईसी अभिकर्ता सतीश कुमार पाल का पुत्र था जबकि घायल छात्र चौरी थाना क्षेत्र के ग्राम रोटहां का अभिषेक यादव था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है जबकि घायल छात्र का इंदिरा मिल स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार हो रहा है। घटना के बाद पिकअप चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार अभिषेक का आज विद्यालय में फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा थी। पवन की प्रैक्टिकल की फाइल अभिषेक के घर पर थी सो परीक्षा खत्म् होने के पश्चात पवन ने किसी से दोपहिया वाहन मांगी और अभिषेक को साथ हलेकर रोटहा की ओर चल पड़ा। बताते हैं कि जब वे मोरवा पुल के पास पहुंचे थे तो सामने से आई एक बाइक से भिड़ कर सड़क पर गिर गए। इस बीच दुर्भाग्य से पीछे से आ रही तेजरफ्तार पिकअप की जद में आ गए।
घटना स्थल पर लोगों ने बताया कि पवन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी बावजूद इसके लोग उसे महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल लेकर गए। उधर गंभीर रूप से घायल अभिषेक को लोगों ने इंदिरा मिल चौराहे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार हो रहा है। पुलिस ने पवन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा साथ ही बाइक और पिकअप को कब्जे में ले लिया। उधर घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने बताया कि पिता सतीश पाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
--
परिजनों और मोहल्ले में मचा कोहराम
भदोही । घटना की सूचना होते ही पवन के घर और मोहल्ले में जैसे कोहराम मच गया। जो जहां था राजकीय अस्पताल की ओर भागा जहां छात्र के शव के पास पहले से भीड़ लगी हुई थी। मौके पर पहुंचे पवन के माता पिता होनहार बेटे का शव देख कर जैसे अपना होश खो बैठे। वातावरण में रुदन दौड़ गया। भारी संख्या में लोग उन्हें संभालने का प्रयास करने लग गए। ज्ञात हो कि पेशे से एलआईसी अभिकर्ता सतीश कुमार पाल के तीन बेटे हैं जिनमे पवन सबसे बड़ा था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद हर कोई उसकी उच्च शिक्षा के लिए सपने संजोए था।