सुरियावां। क्षेत्र के दो गांवों में भूमि विवाद को लेकर मारपीट हो गई। इस दौरान जमकर लाठियां चलीं। इसमें 12 लोग घायल हो गए। घोरहा गांव में विवादित जमीन में दीपक जलाने को लेकर मारपीट हुई, जबकि मकनपुर में जमीन के पुराने विवाद में मारपीट हुई।
थानाक्षेत्र के घोरहा गांव में बुधवार की रात में दीपक जलाने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्ष के करीब छह लोग घायल हो गए। घटना से गांव में तनाव का माहौल है। गांव के लक्ष्मीशंकर ने तहरीर में आरोप लगाया कि उसके घर के समीप विवादित जमीन पर गांव के सुरेश के घर के कुछ लोग जबरिया दीपक जला रहे थे। मना करने पर मारपीट पर उतारू हो गए। सुरियावां थाने में एक पक्ष से सुरेश, उमाशंकर, राजेंद्र, मनोज और दूसरे पक्ष से रामचंद्र, लक्ष्मी शंकर, तीर्थराज, इंद्रजीत के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया। इसी तरह मकनपुर गांव में जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्ष के छह लोग घायल हो गए। गांव के शिवशंकर यादव और केदारनाथ पाल के बीच जमीन को लेकर कई माह से विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को उसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर और लाठी डंडे चले। मारपीट में राजन यादव, धीरज यादव, ज्ञान देवी, सूरज यादव, चिंतामणि यादव आदि घायल हो गए।