ज्ञानपुर। चौरी पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को अंतर प्रांतीय एटीएम हैकर गैंग के दो सदस्यों को चौरी क्षेत्र के कंधिया फाटक के समीप गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेजा गया। हरियाणा, दिल्ली समेत कई प्रांतों में इनका नेटवर्क चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी सुशील भारद्वाज और गुलशन राजभर जौनपुर के खेतासराय थानाक्षेत्र के कलापुर निवासी हैं।
शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में एएसपी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि एटीएम जालसाजी की बढ़ती घटनाओं पर क्राइम ब्रांच और थानों की पुलिस की टीम गठित की गई थी। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को कंधिया के पास से दो एटीएम हैकरों को क्राइम ब्रांच और पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के कुल सात एटीएम कार्ड, एक चार पहिया, दो दुपहिया समेत तीन वाहन बरामद किए गए। यह गैंग प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा और अन्य राज्यों में भी घटनाओं को अंजाम देता था। गैंग के सदस्य एटीएम बूथों में पहुंचकर लोगों को भ्रमित कर एटीएम कार्ड बदलकर पैसा निकाल लेते थे। इनके आपराधिक इतिहास को विभिन्न राज्यों और जनपदों से एकत्रित किया जा रहा है। गैंग ने चौरी, गोपीगंज समेत अन्य स्थानों पर घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपियों ने कहा कि छह अप्रैल को गोपीगंज के इंडसइंड बैंक और 25 जुलाई को गोपीगंज बस स्टैंड के एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर जालसाजी की। चौरी के रोटहां यूबीआई शाखा के एटीएम में भी जालसाजी की। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसओ चौरी प्रदीप कुमार, विनायक जौहरी, ओमप्रकाश राय, कुर्बान अली, आशुतोष सिंह, धनंजय, रविकांत आदि शामिल रहे।