चौरी। थाना क्षेत्र के गोहिलाव में सोमवार को देर शाम चार पहिया वाहन और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक बालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन और चालक को भागते हुए पकड़ लिया और जमके पिटाई कर दी। इस दौरान लोगों ने वाहन को उलट पलट कर क्षतिग्रस्त कर दिया। भीड़ के उग्र होने की सूचना पर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और एसपी राजेश एस ने मौके का जायजा लिया। गांव में शाम से ही भारी पुलिस बल तैनात है।
जानकारी हो कि कपसेठी-मझमेड़िया मार्ग पर साऊपुर निवासी अवधेश दुबे अपने 5 वर्ष के नाती को बाइक पर बैठा कर घुमा रहे थे। वे गोहिलांव के पास पहुंचे थे कि सामने से तेज गति से आई स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को सीधे टक्कर मार दी। जिससे 5 वर्षीय बालक खुशहाल उर्फ गोलू बाइक से उछल कर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाइक चला रहे अवधेश दुबे (52) भी घायल हो गए जिन्हें ममहर के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया जहां से रेफर कर दिया गया है।
उधर घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन से भाग रहे चालक को दौड़ाकर चौरी-महराजगंज मार्ग पर साऊपुर में पकड़ा और जमके पीटा। वहां लोगों ने बताया कि भाग रहे कार के चपेट में आकर रजईपुर के मुन्ना पटेल भी घायल हो गए। गुस्साएं ग्रामीणों ने वाहन में उलट पलट दिया और शीशे आदि तोड़ दिए। हालात कुछ यो हो गया कि बेकाबू भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। चौरी पुलिस के साथ साथ भदोही कोतवाली पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया। जानकारी में आया कि बालक एक सप्ताह से अपनी मां नीलम के साथ ननिहाल में आया था और हादसे का शिकार हो गया। मौत की खबर से ज्ञानपुर के सरपतहा में उसके घर कोहराम मच गया। डीएम एसपी के अलावा सीओ औराई यादवेंद्र यादव ने भी मौके का जायजा लिया।