ज्ञानपुर (भदोही)।
जिले के एक सरकारी विभाग में युवती के शारीरिक शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंडी समिति की एक महिला कर्मचारी ने समिति के एक अधिकारी पर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। चौंकाने वाली बात यह है कि स्थायी नियुक्ति की खातिर युवती को ऐसा करने के लिए उसका पिता ही दबाव बनाता था। आरोप है कि इसके एवज में अधिकारी उसके पिता को 20 हजार रुपये महीने और गृहस्थी का सामान मुहैया कराता था। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री के पास पहुंचने के बाद विशेष सचिव शासन ने जिलाधिकारी को मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।
मंडी समिति की एक कर्मचारी के हवाले से गत 26 जुलाई को मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि मेरे पिता रिटायर्ड कर्मचारी हैं। मेरी नियुक्ति को स्थायी बनाने के लिए पिता ने मेरे ऊपर दबाव बनाकर मंडी के एक अधिकारी से अवैध संबंध बनवा दिए। वह हमेशा बनारस के किसी न किसी होटल में बुलाकर मेरा यौन शोषण करता था। युवती ने उक्त अफसर और अपने पिता के कृत्यों से मुक्ति दिलाने की मांग की है। इस आशय का पत्र मिलने के बाद विशेष सचिव शासन डॉ. अशोक चंद्र ने जिलाधिकारी भदोही को पत्र भेजकर 15 दिन में मामले की जांच कराकर रिपोर्ट मांगी है। उधर, मंडी समिति के अधिकारी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया। कहा कि हमारे कार्यालय की कर्मचारी के नाम से मेरे किसी विरोधी ने शासन को पत्र भेजकर शिकायत कर दी है।
शासन का पत्र अब तक मिला नहीं है, लेकिन अगर ऐसा है तो मामला काफी गंभीर है। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - विशाख जी, जिलाधिकारी