गोपीगंज। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर गोपीगंज में सरकारी बस के एक कंडक्टर से मंगलवार रात लूट हो गई। बताया जाता है कि लुटेरे बस में ही सवार थे। कंडक्टर को मारपीट कर पैसे से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि पुलिस इसे संदिग्ध मानकर चल रही है।
नगर के मध्य स्थित बस स्टैंड के पास देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही रोडवेज बस के कंडक्टर राशिद ने लूट की सूचना कोतवाली में दी। दलबल के साथ स्टैंड पहुंचे कोतवाल ने टिकट मशीन बरामद कर मामले को शांत कराया। वहीं तमंचा सटाकर नगदी और मशीन लूटने को संदिग्ध बताया। उधर कंडक्टर का आरोप है कि उसकी तहरीर को पुलिस ने नहीं लिया।
प्रयागराज से यात्रियों को लेकर कैंट डिपो रोडवेज की बस वाराणसी की ओर जा रही थी, जिस पर एक बदमाश सवार था। कंडक्टर का कहना है कि उसने तमंचा सटाकर पैसे से भरा बैग लेकर फरार हो गया। लूट का आरोप लगाते हुए कंडक्टर यात्रियों के साथ कोतवाली पहुंच गया। लूट की बात पर कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उधर कोतवाल नवीन तिवारी ने बताया कि मामला लेनदेन का था, जिसको लेकर कंडक्टर और नशेड़ी यात्री आपस में उलझ गए थे। टिकट मशीन और बैग को बरामद हो जाने से बस को गतंव्य के लिए रवाना करा दिया गया। रही बात कट्टा सटाकर लूट की तो ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है।