औराई। थाने से चंद कदम दूर औराई की यादव बस्ती में सोमवार की देर रात ऑटो चालक गुलाब यादव (30) पुत्र स्व. खदेरू यादव ने रहस्यमय परिस्थितियों में फांसी लगा कर जान दे दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैली रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा रहा।
बताया जाता है कि खदेरू यादव का तीसरा पुत्र गुलाब देर शाम रिश्तेदारी से घर पहुंचा और खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया, जबकि पत्नी गीता देवी बच्चों के साथ बाहर सोई थी। सुबह होने पर काफी देर तक गुलाब के दरवाजा न खोलने से परिजनों को चिंता हुई। काफी देर तक दरवाजे को खटखटाने के बाद भी न जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। इसके बाद अंदर का नजारा देखकर परिजन अवाक रह गए। गुलाब रस्सी के सहारे छत की कुंडी से लटक कर इहलीला समाप्त कर चुका था। फंदे से लटकते शव को नीचे उतार कर पुलिस को सूचना दी गई। जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों और आसपास के लोगों का कहना था कि मृतक गुलाब की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वह परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए किराए का ऑटो लेकर चलाता था। दूसरी ओर पत्नी के बच्चों सहित बाहर सोने और गुलाब के कमरे के अंदर पहुंच कर ऐसा कदम उठा लेने को लेकर लोग अचरज में हैं। प्रकरण को लेकर मंगलवार को दिन भर चर्चा होती रही। मृतक को दो बेटियां सोनाली (7), खुशी (5) और एक पुत्र नीलेश (3) है। पत्नी गीता देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था।