ऊंज। वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग पर क्षेत्र के कलिंजरा मोड़ के समीप बुधवार को एक ट्रेलर के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह राजमार्ग पार कर रहा था। ट्रेलर में फंसकर वह 50 मीटर तक घिसटता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इलाहाबाद के हंडिया थाना क्षेत्र के गोसपुर रामनगर निवासी रमेश बिंद (19) फेरी का काम करता था। बुधवार को वह कोइरौना गया था। सुबह सात बजे के आसपास वह जीटी रोड पर पहुंचा। राजमार्ग पार करते समय वह ट्रेलर की चपेट में आ गया। बताते हैं कि ट्रेलर चालक ने बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया और इस कोशिश में वह दक्षिणी लेन से उत्तरी लेन पर पहुंच गया, लेकिन बाइक सवार नहीं बच सका। वह ट्रेलर में फंसकर 50 मीटर तक बाइक समेत घिसटता चला गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रमेश बिंद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह फेरी लगाकर सौंदर्य प्रसाधन का सामान बेचता था। जानकारी मिलने के बाद घर वाले भी मौके पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। पुलिस ने घटना में संलिप्त ट्रेलर को कब्जे में ले लिया।