भदोही। कोतवाली क्षेत्र के ज्ञानपुर रोड स्थित एक गैस वेल्डिंग दुकान की टंकी बर्स्ट कर गई। धमाके से एक बारगी लोग सहम गए। हालांकि बड़ा नुकसान नहीं हुआ। दुकान के पास से गुजर रहे एक राहगीर को मामूली चोट आने की सूचना मिली है।
ज्ञानपुर रोड पेट्रोल पंप के समीप छेड़ीबीर के सद्दान की दुकान है। वहां वह वेल्डिंग का कार्य करता है। मंगलवार को दोपहर वह एक कार की वेल्डिंग कर रहा था, तभी जोर के धमाके के साथ वेल्डिंग की टंकी फट गई। जिससे टंकी के टुकड़े दो सौ मीटर दूरी तक छिटक गए। तेज धमाका सुनकर आस पास के लोग घबरा गए और घटना स्थल की ओर भागे। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक आवाज तो जोरदार थी लेकिन उस समय मौके पर किसी ने नहीं होने से जान माल की हानि नहीं हुई। उस समय ज्ञानपुर रोड से एक राहगीर गुजर रहा था, जिसे मामूली चोटें आईं।