भदोही। जौनपुर जनपद के मड़ियाहूं क्षेत्र की एक युवती ने भदोही नगर के हुलासपुर निवासी एक युवक पर ब्लैकमेल करके उसके मानसिक शोषण करने और सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड कर बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। जौनपुर निवासी 25 वर्षीय युवती ने कोतवाली में तहरीर देकर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि युवक के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ ही युवती का बयान भी दर्ज किया गया है।
युवती ने आरोप लगाया कि हुलासपुर का ओम नारायण उसे फोन पर काफी दिनों से परेशान कर रहा है। सोशल मीडिया पर उसकी फोटो अपलोड कर उसे बदनाम करने की धमकी दे रहा था। इसके साथ ही युवती के साथ गाली गलौज भी किया करता था। तंग आकर युवती ने पुलिस को सारी बात बताई। उसने बताया कि वह कई बार उस युवक से विनती कर चुकी है, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा और किसी भी तरह मानने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद युवती ने थक हार कर पुलिस का दरवाजा खटखटाया। उधर, मोहल्ले से पता चला कि युवती के भदोही पहुंचने की भनक लगते ही युवक घर से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। मामले को लेकर मोहल्ले में तरह तरह की चर्चा है। कुछ लोगों का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का भी हो सकता है।