अभोली। सुरियावां थानाक्षेत्र के अभोली बाजार में बुधवार सुबह साढ़े छह बजे ट्रक की टक्कर से स्कूल जा रही बीए की छात्रा की मौत हो गई। हादसे से इलाके में खलबली मच गई। चालक और खलासी मौका देखकर ट्रक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जबकि ट्रक थाने लेकर गई।
छनौरा गांव निवासी राम नारायण बिंद की इकलौती बेटी आरती (17) छोटेलाल बिंद महाविद्यालय बरौत में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। प्रतिदिन की तरह वह बुधवार को स्कूल जाने के लिए घर से निकली लेकिन बस छूटने से वह भाई की मोटर साइकिल पर बैठकर अभोली बाजार के लिए जा रही थी। जैसे ही वह अभोली बाजार में पहुंची उसी दौरान ज्ञानपुर से दुर्गागंज की तरफ जा रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे आरती छिटक कर ट्रक के पिछले पहिया के नीचे आ गई। टायर के नीचे सिर आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही आसपास के सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, घटना के बाद चालक और खलासी ट्रक को वहीं खड़ी कर भाग गए। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है।