गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के बरजी कला गांव में विवाहिता खुशबू (26) पत्नी दिलीप उपाध्याय की अबूझ हाल में मौत हो गई। मायके पक्ष और ससुराल पक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का क्रम चलता रहा।
बताते हैं कि बुधवार को विवाहिता खुशबू की हालत बिगड़ी थी। देर शाम उसे परिजन सीएचसी में ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। रेफर के बाद जब उसे वाराणसी ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही देर रात उसकी मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही दाह संस्कार की तैयारी में लगा रहा। मायके पक्ष को जब घटना की जानकारी हुई तब भाई चंद्रमा पांडेय पुत्र स्व. पवन कुमार निवासी मोगरहा-चुनार मिर्जापुर ने यूपी-100 पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। लिखापढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृत खुशबू के भाई का आरोप है कि उसकी बहन की शादी गत डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे थे। बुधवार को भी उस पर हमला किया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। उधर ससुराल के लोग मिर्गी का दौरा पड़ने के कारण चोट लगने की बात कह रहे थे। पुलिस ने कहा कि पीएम रिपोर्ट आने पर ही कुछ कहा जा सकता है।