ज्ञानपुर। दुर्गागंज थाना क्षेत्र के रामनगर में तीन माह पूर्व हुई रुचि पांडेय की निर्मम हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। शादी के बाद बेटी के प्रेम संबंध से नाखुश पिता ने ही बेटी की गला रेत कर हत्या कर दी थी। मंगलवार को आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर प्रकरण का खुलासा किया। पूछताछ के बाद आरोपी पिता को पुलिस ने जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ पांच हजार का इनाम घोषित था।
पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि रामनगर निवासी कृष्ण कुमार पांडेय फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ई का काम करता था। पहली पत्नी की मौत के बाद उसने दूसरी शादी की। पहली पत्नी की दो बेटियां थीं। जिनमें से एक रुचि की शादी उसने जौनपुर में की थी। शादी के बाद रुचि को एक बेटी और एक बेटा पैदा हुए, लेकिन उसकी किसी दूसरे युवक से नजदीकी बढ़ने लगी थी। यह बात कृष्ण कुमार पांडेय को नागवार गुजरी। 17 मई 2019 को वह कोलकाता से जंघई आया और बेटी को बुला कर उसकी गला रेत कर हत्या कर दी। पिता से मिलने से पहले रुचि ने अपने प्रेमी से पिता से मिलने जाने की बात बताई थी। इसके कारण लेकर प्रेमी ने फोन चालू रखने के लिए कहा। घटनास्थल पर रुचि ने अपना मोबाइल चालू रखा था, जिससे हत्या के दौरान दोनों के बीच हुईं बातों को प्रेमी ने सुन लिया और पुलिस को बताया। हालांकि घटना के बाद कृष्ण कुमार फरार हो गया था। मंगलवार की रात में मुखबिर की सूचना पर दुर्गागंज थाना प्रभारी कृष्णानंद राय ने सराय कंसराय स्टेशन से आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने गिरफ्तारी टीम के पुलिसकर्मियों को उत्साह के लिए दो हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की। गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक रणविजय सिंह, गुल्लू कुमार, चंदन कुमार गौड़, प्रमोद पासवान आदि शामिल रहे।