लालानगर/गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के अलमऊ रेलवे हॉल्ट के समीप मंगलवार की रात ट्रेन के सामने कूद कर राहुल बिंद (16) ने आत्महत्या कर ली। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ट्रेन चालक ने मृतक का मोबाइल ज्ञानपुर रोड स्टेशन मास्टर को सौंप दिया। स्टेशन मास्टर ने मोबाइल पुलिस को देकर परिजनों को जानकारी दी गई।
कोइलरा गांव निवासी कोटेदार महादेव बिंद का पुत्र राहुल मंगलवार की शाम परिजनों से यह कहते हुए घर से निकला कि वह शौच के लिए जा रहा है और थोड़ी देर में आ जाएगा। तब तक राहुल पास में ही स्थित अलमऊ हॉल्ट पहुंच गया और वाराणसी से इलाहाबाद की ओर जा रही अप डीएमयू ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी। रोते-बिलखते पिता ने बताया कि घर पर उसका सभी इंतजार कर रहे थे। काफी समय बीत जाने पर जब मोबाइल पर फोन लगाया गया तो मोबाइल पुलिस के पास था और घटना की जानकारी हो सकी। महादेव के दो पुत्रों में मृतक राहुल बड़ा था, जो इसी वर्ष सेंट थॉमस स्कूल से कक्षा 10 पास कर कंप्यूटर कोर्स में दाखिला लिया था। पूरा परिवार राहुल के इस कदम उठा लेने से परेशान था कि आखिरकार ऐसी क्या बात हुई कि उसने इहलीला ही समाप्त कर ली। घर पर जुटी भीड़ बेसुध परिजनों को सांत्वना देने में लगी रही।