सुरियावां थाना क्षेत्र के कोल्हुआं पांडेयपुर (चकदुखरन) गांव में मंगलवार की सुबह पुरानी रंजिश में एक युवक ने दंपती को गोली मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल से दोनों को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। सूचना पर एसपी डॉ. अनिल कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने पांच के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। दंपती पर गोली चलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कोल्हुआं पांडेयपुर निवासी छांगुर पाल का पड़ोसियों से लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे उसी को लेकर विवाद शुरू हुआ। उसी दौरान दूसरे पक्ष के एक युवक ने गोली मार दी। जिससे छांगुर पाल (60) और उनकी पत्नी बुधना देवी (55) गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस दोनों को सीएचसी ले गई। जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां से भी दोनों को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया। जहां महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, सीओ अजय कुमार सहित सुरियावां और भदोही की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी देवराज पाल को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित पक्ष के सुरेश पाल पुत्र छांगुर पाल की तहरीर पर पुलिस ने देवराज, अभयराज, उदयराज, दीनानाथ पाल, श्याम बिहारी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एसपी ने कहा कि पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।