मतदान के एक दिन बाद मतगणनास्थल पर एक-एक बूथ की स्क्रूटनी करते प्रेक्षक राजीव जाधव बाएं।
अंतिम चरण का मतदान होने के बाद प्रशासनिक अमला अब 11 मार्च को होने वाले मतगणना की तैयारी में जुट गया है। मतगणना के लिए कलेक्ट्रेट पर बैरिकेडिंग आदि की व्यवस्था कर ली गई है। तीनों विधानसभा की मतगणना 42 टेबलों पर की जाएगी। एक माइक्रो ऑब्जर्वर और तीन मतगणना कार्मिक एक-एक टेबल पर लगाए गए हैं। करीब 168 लोगों की ड्यूटी मतगणना कराने के लिए लगाई गई है। स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम की सुरक्षा पैरामिलीट्री फोर्स को सौंपी गई है।
जिले में ज्ञानपुर, औराई और भदोही विधानसभा सीट पर आठ मार्च को 1169 बूथों पर वोट डाला गया। 49 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद होने के बाद अब सभी की नजर 11 मार्च पर टिक गई है। वहीं दूसरी ओर मतदान कराने के बाद तीन दिन के अंदर प्रशासन मतगणना की तैयारी को पूर्ण कराने में जुट गया है। बृहस्पतिवार को गणनास्थल के आसपास बैकिरेडिंग का कार्य पूर्ण किया गया। प्रेक्षक राजीव जाधव ने कहा कि तीनों विधानसभाओं की मतगणना 42 टेबलों पर की जाएगी। भदोही में 31, औराई में 15 से 18 और ज्ञानपुर में 20 से 22 राउंड में मतगणना संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि तीन मतगणना कार्मिक और एक माइक्रो आब्जर्वर समेत 168 लोगों की ड्यूटी लगाई गई है। 11 मार्च को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना होगी।