सीएचसी सुरियावां में कोरोना की वैक्सीन लगाती महिला स्वास्थ्यकर्मी। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण में बृहस्पतिवार को फ्रंटलाइन वर्करों का टीकाकरण किया गया। इसमें मुख्य रूप से पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। जिले के छह केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। टीकाकरण को लेकर पूर्व की तरह उत्साह नहीं दिखा। 1046 वर्करों को टीकाकरण के लिए चिह्नित किया गया था, मगर 399 ने ही टीका लगवाया। भदोही सीएचसी में सबसे कम लोगों ने टीकाकरण कराया।
कोरोना वायरस के खिलाफ बनी वैक्सीन 16 जनवरी से लगनी शुरू हुई। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगा, जबकि दूसरे चरण में फ्रंट लाइन वर्कर पुलिसकर्मी, नगर निकाय कर्मी आदि शामिल हैं। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल ज्ञानपुर, सीएचसी भदोही, औराई, गोपीगंज, डीघ और सुरियावां में सुबह नौ बजे वैक्सीनेशन शुरू हुआ। गाइडलाइन का पालन करते हुए पुलिसकर्मियों संग अन्य फ्रंट लाइन वर्कर ने टीमा लगवाया। जिला अस्पताल ज्ञानपुर में 250 में से 102 वर्करों ने टीका लगवाया। इसी तरह सीएचसी भदोही में 250 में से 51, सुरियावां में 139 की बजाए 76, डीघ में 157 की बजाए 54, औराई में 125 की बजाए 77 ने वैक्सीन लगवाया। नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि 1046 फ्रंट लाइन वर्कर को टीका लगना था, जिसमें 399 ने वैक्सीन लगवाई। लालानगर संवाददाता के अनुसार, गोपीगंज सीएचसी में 125 पुलिसकर्मियों के स्थान पर 39 ने टीका लगवाया। सुरियावां संवाददाता के अनुसार, सीएचसी सुरियावां में सुबह नौ बजे टीकाकरण का शुभारंभ हुआ। पहला टीका थानाध्यक्ष सुरियावां प्रदीप कुमार को लगा। सीएचसी प्रभारी डॉ. आरबी पाठक ने टीकाकरण व्यवस्था का निरीक्षण किया।