कालीन नगरी में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में स्वास्थ्यकर्मी सहित 20 नए संक्रमित मरीज मिले। सभी को होम क्वारंटीन कर इलाज शुरू कर दिया गया। अब कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 86 हो गई है।
कोरोना के नये वैरिएंट ओमिक्रॉन आने के बाद संक्रमितों की संख्या में तेेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। दिन प्रतिदिन नए केस सामने आ रहे हैं। जनवरी के पहले सप्ताह से ही कोरोना संक्रमण की शुरूआत हुई। शुरूआत में दो से तीन मरीज मिले, लेकिन अब 10, 15 से 20 तक संख्या पहुंच गई है। सुरियावां सीएचसी की एक स्वास्थ्यकर्मी, सीडीपीओ कार्यालय सुरियावां में एक कर्मचारी संग जलालपुर से एक, भदोही से एक, हरैया से एक, तुलसी पट्टी से एक, महुआरी से एक, पट्टी बेजवा से एक, महदेपुर में एक, सेखपुर में एक, सिविल लाइन जलालपुर में एक, हिम्मतपुर से एक , बकुचिया से एक, कटरा बाजार से एक , घमहापुर से एक, देवनाथ पुर से एक मरीज में संक्रमण की पुष्टि हुई है। नए 20 संक्रमित मरीज मिलने पर अब कुल सक्रिय केस की संख्या 86 हो गई है। इलाज के दौरान एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत भी हो चुकी है। उधर, तेजी से संक्रमण फैलने के बाद भी लापरवाही जारी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए अपील भी की जा रही है। इसके बावजूद लोग सजग नहीं हो रहे हैं। बिना मॉस्क के घरों से निकल रहे हैं। वही सार्वजनिक स्थानों पर सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं हो रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एसके चक का कहना है कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। इसलिए लोग सतर्क रहें। 20 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। अब कुल मरीजों को संख्या बढ़कर 86 हो गई है। सभी को होम क्वांरटीन कर इलाज शुरू कर दिया गया है। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण जरूर कराएं । साथ ही दो गज की दूरी और मॉस्क है जरूरी का पालन करें।