ज्ञानपुर/चौरी। भदोही जनपद अनुबंधित रोडवेज बसों का सर्किल बनकर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का मजबूत परिक्षेत्र साबित होगा। ये बातें बृहस्पतिवार को चौरी बाजार पहुंचे आरएम कैंट वाराणसी गौरव वर्मा ने कहीं। एआरटीओ अरुण कुमार संग एआरएम एमके पांडेय ने निजी बस आपरेटरों के साथ बैठक कर 50 निजी बसों को अनुबंधित कराने पर जोर दिया।
आरएम गौरव वर्मा ने बताया कि आने वाले समय में मछलीशहर-भदोही वाया वाराणसी तक नेशनल हाईवे 731 मानचित्र में शामिल हो जाएगा। परिवहन निगम की यात्रा व्यवस्था को और सरल बनाने के लिए शासन से निर्देश जारी हो चुका है। बताया कि 15 नवंबर तक जेएम पोर्टल पर 50 निजी बसों का अनुबंध कराते हुए भदोही जनपद को अनुबंधित रोडवेज बस सर्किल से जोड़ दिया जाएगा।
बताया कि भदोही-वाराणसी मुख्य मार्ग पर 15 निजी बसों का संचालन होता है। जमुनीपुर-भदोही, ज्ञानपुर नगर, औराई चौराहा रोडवेज बस स्टेशनों के लिए निगम की कुल 12 बसें सेवाएं दे रही हैं। इनके आवागमन में निजी बस आपरेटरों की दखलंदाजी रुकावट डाल रही है। रुकावट का समाधान निजी बसों का अनुबंध है। कहा कि अनुबंध से न सिर्फ राजस्व में बढ़ोतरी होगी, बल्कि लोकल स्तर के लोग रोजगारपरक होंगे। एक सप्ताह बाद डीएम गौरांग राठी से मिलकर ज्ञानपुर नगर बस स्टेशन की समस्याएं दूर कराएंगे। एआरटीओ अरुण कुमार ने निगम के अधिकारियों को सहयोगात्मक प्रयास के लिए आश्वस्त किया है।