मृतक आरक्षी राजकुमार भारती। फाइल फोटो
भदोही-दुर्गागंज मार्ग पर उगईपुर के पास सोमवार की रात 10 बजे सड़क हादसे में आरक्षी राजकुमार भारती (33) निवासी सिद्धाहलासपुर मधुबन मऊ की मौत हो गई। वह भदोही सीओ कार्यालय में तैनात थे।
स्थानीय लोगों ने साड़ से टक्कर होने की आशंका जताई है। आरक्षी का हेलमेट भी टूट गया था। मंगलवार को पुलिस लाइन में आरक्षी को श्रद्धांजलि दी गई। एसपी अभिनव त्यागी समेत अन्य जवानों ने कंधा दिया।
एसपी के मुताबिक मऊ निवासी राजकुमार भारती का वर्ष 2016 में पुलिस में चयन हुआ था। वह वर्तमान में भदोही सीओ कार्यालय में तैनात थे।
सोमवार को मोढ़ आए थे। यहां से वापस भदोही की तरफ जा रहे थे। उगईपुर मोड़ के पास किसी जानवर की टक्कर से बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इससे उनके सिर में चोट लग गई।
सूचना पर मोेढ़ चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। निजी अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरक्षी की एक ढाई साल की बेटी है। पुलिस अधीक्षक संग पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अधिकारियों और सहकर्मियों ने कंधा देकर नम आंखों से अंतिम विदाई दी। एसपी अभिनव त्यागी का कहना है कि घटना दुखद है। उन्होंने कहा कि हमने एक कर्मठ और ईमानदार जवान को खो दिया।