कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्र टेनी को बर्खास्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में केंद्र सरकार ने मंत्री को बर्खास्त कर लखीमपुरखीरी कांड के आश्रितों को न्याय दिलाने की पहल शुरू नहीं की तो पार्टी कार्यकर्ता बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि लखीमपुरखीरी कांड के मामले में एसआईटी की जांच रिपोर्ट से यह साबित हो गया है कि किसान कानून वापसी की मांग को लेकर शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे थे। आरोप लगाया कि सोची समझी साजिश के तहत केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के समर्थकों ने निर्दोष किसानों को वाहनों से रौंद कर मौत के घाट उतार दिया गया। जगदीश पासी ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की सरकार महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगार को लेकर चिंतित न होकर निर्दोषों को निशाना बना रही है। प्रदर्शन करने वालों में माबूद खान, विजय गौतम, राजेश्वर दुबे, गीता देवी, सुरेश गौतम, रमेश दुबे, सुरेश प्रकाश तिवारी, दीनानाथ दुबे, परवेज हाशमी, जजलाल राय, राकेश मौर्य, अशोक कुमार, हरिश्चंद्र दुबे, संजीव दुबे, विनोद शुक्ला आदि शामिल रहे।