ज्ञानपुर। प्रभारी जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में टीईटी को लेकर अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें परीक्षा को पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण कराने को लेकर मंथन की गई। उन्होंने सभी केंद्राध्यक्षों, मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न की जाए। उन्होंने बताया कि दो से चार जुलाई तक सात केंद्रों पर परीक्षा होगी। दो और तीन जुलाई को दो-दो जबकि चार जुलाई को सुबह की पाली में परीक्षा होगी। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 09:30 बजे से अपराह्न 12:00 बजे और द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2:30 बजे से सायं पांच बजे तक आयोजित होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। तैनात अधिकारी परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित, अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, प्रवेश व्यवस्था को कार्ययोजना के हिसाब से कराएं। इस मौके पर डीआईओएस अंशुमान आदि रहे।