जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई।
इसमें यातायात व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई। सड़क सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कर ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने परिवहन एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्कूली वाहनों की नियमित जांच का निर्देश दिया। जरूरी अभिलेख, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट एवं अन्य दस्तावेज सही होने पर ही संचालन हो सके। उन्होंने ओवरलोड वाहनों, डंपरों और नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने वाली बसों के विरुद्ध सघन और कठोर प्रवर्तन कार्रवाई का निर्देश दिया। इस मौके पर एडीएम शुभांगी शुक्ला, एआरटीओ राम सिंह, एक्सईएन लोक निर्माण संदीप सरोज आदि रहे।