ब्लॉक क्षेत्र के लक्ष्मणपट्टी गांव में रास्ते और तालाब की जमीन पर मकान और चाहरदीवारी का जबरदस्ती निर्माण कराया जा रहा है। जिसे लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। वहीं जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर प्रकरण की जांच की मांग की। आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी राजस्व विभाग के आलाधिकारी अनभिज्ञ बने बैठे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के रास्तों पर कब्जा होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। आवागमन के दौरान उन्हें काफी दिक्कत होती है। रोजाना इस मार्ग से 400 से 500 राहगीर गुजरते हैं। देर रात तक मार्ग पर चहलकदमी बनी रहती है। रास्ते पर कब्जा के चलते मार्ग का स्वरूप बदल गया है। वहीं खतौनी में मार्ग अंकित है।
पत्रक में आरोप लगाया कि जब ग्रामीणों को रास्ते से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा जाता है, तो उन्हें मारने की धमकी मिलती है। गांव के लवकुश मौर्या, कमलेश मौर्या, राजेंद्र कुमार मौर्या, राजन, दीपक मौर्य, सर्यमणि, महेंद्र मौर्या, धर्मेंद्र आदि ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा।