भदोही। वाराणसी-जंघई रेल मार्ग के भदोही रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर के समीप रविवार की शाम ट्रेन की चपेट में आकर एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। शव की स्थिति काफी खराब हो गई थी। आशंका जताई है कि अधेड़ आत्महत्या करने की नियत से वहां आया था और ट्रेन के आने के समय ट्रेन के सामने कूद गया था। रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो सकी थी।
जीआरपी चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सुबह 9.30 बजे 11107 ग्वालियर बनारस बुंदेलखंड एक्सप्रेस भदोही से वाराणसी के लिए छूटी थी। लोगों ने बताया कि गजिया ओवर ब्रिज के पास एक अधेड़ को देखा गया था। इस बीच जब ट्रेन गुजर गई तो उसका शव ट्रैक पर मिला। समझा जा रहा है कि उक्त अधेड़ ने ट्रेन के सामने आकर खुद आत्महत्या की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन असफल रही। मृतक के शरीर पर साधारण कपड़े होने से अंदाजा है कि वह मजदूरी करता रहा होगा।