खमरिया नगर में निरीक्षण के दौरान अफसरों से बात करतीं मंडलायुक्त प्रीती शुक्ला बाएं।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर/घोसिया। जिले की नोडल अधिकारी और कमिश्नर प्रीती शुक्ला तीन दिवसीय भ्रमण में शनिवार को सांसद आदर्श गांव दत्तीपुर के कन्या पूर्व माध्यमिक स्कूल में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों को संक्रमण काल में स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी को सजग रहने की जरूरत है। गांव में भ्रमण के दौरान यादव बस्ती में खड़ंजे पर मिट्टी डालने के मामले में विवाद को सुलझाने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया। उन्होंने संचारी रोग, स्वच्छता और कोरोना के बारे में जागरूक किया। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि 15-16 जुलाई को गांव में परीक्षण की तिथि निर्धारित की गई है। 105 परिवारों को अब तक कवर किया गया। समीक्षा में कमिश्नर ने बाउंड्रीवाल, पेयजल, शौचालय और ऑपरेशन कायाकल्प को देखा। स्कूल में नल की टोटी टूटी मिलने पर सीडीओ को सही कराने का निर्देश दिया। इसके बाद वह खमरिया नगर के वार्ड एक दशमी की बारी में पहुंची। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था को देखा। सफाईकर्मियों से पूछा कि आप लोगों को मानदेय मिलता है कि नहीं। जिस पर सफाईकर्मियों ने कहा कि जनवरी से नहीं मिला। इसको लेकर कमिश्नर नाराज हो गईं और ईओ को कड़ी फटकार लगाई। तीन दिन के अंदर सभी को मानदेय दिलाने का निर्देश दिया।
इस मौके पर डीएम राजेंद्र प्रसाद, एसपी रामबदन सिंह, सीडीओ विवेक त्रिपाठी, एडीएम शैलेंद्र मिश्रा, एसडीएम औराई चंद्रशेखर, कोतवाल रामजी, ईओ विजय कुमार यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मौर्य, चौकी इंचार्ज रणविजय सिंह, श्याम बहादुर पटेल आदि रहे। नगर पंचायत खमरिया में कमिश्नर प्रीती शुक्ला सहित अन्य अफसरों के जाते ही मानदेय न मिलने की शिकायत करने वाले सफाईकर्मियों पर आफत आ गई। कुछ लोग छुट्टी करने की वकालत करने लगे।