बाबुसराय हाईवे पर कंटेनर और हाईवा में भिड़ंत के बाद खड़े लोग। संवाद
- फोटो : 1
बाबूसराय। औराई कोतवाली क्षेत्र के कटका पड़ाव पुल पर हाईवे के दक्षिणी लेन पर ओवरटेक करते समय शुक्रवार को कंटेनर और हाईवा में टक्कर हो गई। हादसे में कंटेनर चालक समेत तीन घायल हो गए। इससे हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन ठप हो गया। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने किसी वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहा कंटेनर शुक्रवार को कटका पड़ाव पुल पर ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे हाईवा से आमने-सामने टकरा गया। हादसे में कंटेनर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद कंटेनर दक्षिणी डिवाइडर से टकराकर रुक गया, जबकि हाईवा उत्तरी रेलिंग तोड़ते हुए जाकर रुका।
हादसे में कंटेनर चालक और खलासी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एनएचएआई की एंबुलेंस से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं हाईवा चालक फूल सिंह (40) निवासी अलवर, राजस्थान को मामूली चोटें आईं। कंटेनर और हाईवा की टक्कर के बाद हाईवे पर जाम लग गया।
जाम की सूचना पर प्रशासन ने क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। करीब डेढ़ घंटे बाद आवागमन सुचारु हो सका। प्रभारी निरीक्षक औराई राजेश सिंह ने कहा कि दोनों वाहनों को हटवाकर डेढ़ घंटे बाद यातायात बहाल किया गया। वहीं कंटेनर चालक व खलासी के नाम की जानकारी नहीं हो सकी। संवाद