हाईवे पर बस की टक्कर के बाद कार हटाते कर्मी। संवाद
- फोटो : 1
कौलापुर। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे की दक्षिणी लेन पर किशुनदेवपुर के पास बृहस्पतिवार की देर रात ढाई बजे बस की टक्कर से कार में सोए केएनपीजी कॉलेज (अब विश्वविद्यालय) के छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री रामचंदर चौधरी (55) की मौत हो गई। बस के ओवरटेक करते समय से कार के पिछले हिस्से में टक्कर लगने से रामचंदर के सिर में गंभीर चोट आई। ज्ञानपुर कोतवाली के सम्हई राजपुतानी निवासी रामचंदर चौधरी बुधवार को अपने परिवार के साथ दो गाड़ियों से मैहर देवी दर्शन-पूजन के लिए गए थे। बृहस्पतिवार को परिवार के सभी सदस्य घर लौट रहे थे। देर रात होने के कारण दोनों गाड़ियों में पीछे की सीट पर बैठे लोग सो रहे थे। जिस गाड़ी में रामचंदर सवार थे, वह आगे-आगे चल रही थी।
वह गाड़ी में पीछे वाली सीट पर दाहिने तरफ बैठे-बैठे सो रहे थे। हाईवे की उत्तरी लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित होने के कारण दक्षिणी लेन पर इन दिनों वाहनों का दबाव है। रात करीब 2.30 बजे उनकी कार छतमी के पास पहुंची थी। इस बीच एक बस कार को ओवरटेक करने के लिए निकली और साइड से कार के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। इससे कार सवार रामचंदर के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कार चला रहे भोलनाथ विश्वकर्मा (49) मामूली रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाया। टक्कर मारने वाला चालक बस लेकर भाग गया।