ज्ञानपुर। जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की छात्राओं के लिए अब पढ़ाई के साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने बालिकाओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास को ध्यान में रखते हुए विशेष सुरक्षा कक्षाएं चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए मार्शल ऑर्ट में ब्लैक बेल्टधारी 38 प्रशिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अगले माह से यह प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा।
जिले में 33 राजकीय हाईस्कूल और छह राजकीय इंटर कॉलेज संचालित हैं। जिसमें छह हजार से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। पीएम श्री विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज को छोड़कर बाकी 38 विद्यालयों में पढ़ने वाली 3500 छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अक्सर छात्राओं को छींटाकशी का शिकार होना पड़ता है। मार्शल ऑर्ट एवं जूडो में पारंगत होने पर वह ऐसे लोगों को सीधा जवाब दे सकेंगी। इसके लिए मार्शल ऑर्ट, जूडो, कराटे में दक्ष प्रशिक्षकों का चयन किया गया है। सभी विद्यालयों में एक-एक प्रशिक्षक रखे गए हैं। अक्तूबर से यह प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। प्रतिदिन दो घंटे छात्राओं को प्रशिक्षण देंगे। इसके लिए प्रशिक्षक को मानदेय दिया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेज में प्रशिक्षकों का चयन हो गया है। छात्राओं को जूडो, कराटे जैसे पारंपरिक मार्शल आर्ट के साथ आपातकालीन स्थितियों में तत्काल प्रतिक्रिया और बचाव के गुर भी सिखाए जाएंगे।