लालानगर। दीपावली की पूर्व संध्या पर शनिवार को गोपीगंज नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित परिषदीय विद्यालयों में हर्सोल्लास के साथ दिवाली मनाई गई। बच्चों ने शिक्षकों के साथ दीपावली का पर्व मनाया। इस दौरान आकर्षक रंगोली सजाई गई।
इस मौके पर शिक्षकों ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए बच्चों को पटाखों से दूर रह कर प्रदूषणमुक्त वातावरण में दिवाली मनाने की अपील की। विकास खंड औराई के अंग्रेजी माध्यम पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोइलरा में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शामिल बच्चों ने कलाकृति का बेहतरीन प्रदर्शन किया। बच्चों की कलाकृतियों को सराहा गया। शिक्षक ज्योति कुमारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाएं निखरती हैं, जबकि भारत की प्राचीन कला, संस्कृति और सभ्यता की समझ होती है। अन्य शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा के साथ हर विद्यालय में बच्चों को संस्कार मिले तो समाज में बदलाव लाया जा सकता है। कक्षा आठ की छात्राओं एवं छात्रों ने भगवान गणेश की आकर्षक रंगोली बनाई। विजेताओं में सुधा राधा, काजल, वीरेंद्र की टीम प्रथम स्थान पर रहीं। दूसरे स्थान पर कक्षा आठ की संजय, अंजू, कविता, साधना, पवन आदि की टीम रही। शिक्षकों ने बच्चों को पुरस्कृत कर प्रमाणपत्र दिया।