ज्ञानपुर/चौरी। काशी नरेश महाविद्यालय हास्टल परिसर में शनिवार की रात अराजकतत्वों ने आग लगाकर बांस की कोठी जला दी। आसपास रहने वाले शिक्षकों की सक्रियता पर ग्रामीणों ने काफी देर बाद आग पर काबू पाया। जानकारी देने के बाद भी पुलिस और फायर ब्रिगेड के न पहुंचने पर लोगों में नाराजगी व्याप्त रही।
लगभग 15 वर्ष से पौधरोपण अभियान में लगे शिक्षक अशोक गुप्ता ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाया है कि एक ओर देश ऑक्सीजन की कमी का दंश झेलकर मौत के मुंह में जा रहा है। दूसरी ओर अराजक तत्व मुफ्त में आक्सीजन देने वाले हरे-भरे पेड़ों को निशाना बना रहे हैं। इसी तरह चौरी थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर गांव में शार्टशर्किट के कारण किसान संतलाल राय, छोटेलाल, राजेश मिश्रा, गिरजा मिश्रा, रमाशंकर, शिवशंकर का लगभग छह बीघा गेहूं की फसल भस्म हो गई।
कांग्रेस पार्टी के जिला महासचिव जजलाल राय ने क्षतिपूर्ति की मांग करते कहा कि किसानों की फसल में आग बुझाने का समय अग्निशमन विभाग के पास नहीं है। महामारी के नाम पर जिले के उन्हीं नगर पालिका, नगर पंचायत, ब्लॉक, तहसील क्षेत्रों में छिड़काव कर्मचारी कर रहे हैं जहां पहले से संसाधनों की उपलब्धता है। जगरनाथपुर के किसानों की गुहार लगाने के बावजूद अग्निशमन दल आग बुझाने नहीं पहुंच पाया जिससे उनकी आंखों के सामने मुंह का निवाला और पशु चारा भूसा जल गया।