इलाके के सांडा गांव और बिसापुर तिराहे पर 10 दिन पूर्व जले ट्रांसफार्मर को न बदलने से नाराज किसानों ने शनिवार को उपकेंद्र सुरियावां पर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि कर्मचारी और ठेकेदार सुविधा शुल्क के लिए ट्रांसफार्मर नहीं बदल रहे हैं। चेतावनी दी कि दो दिन के अंदर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वह चक्काजाम करने के लिए विवश होंगे।
सुरियावां ब्लॉक से चंद किमी दूर स्थित सांडा गांव और बिसापुर तिराहे पर लगा ट्रांसफार्मर आठ नवंबर को अचानक जल गया। इससे ट्रांसफार्मर से जुड़े करीब तीन गावों में बिजली आपूर्ति ठप हो चुकी है। रबी के बुआई सीजन में खेत का पलेवा आदि न होने से किसान परेशान हैं। आरोप लगाया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।
शनिवार को दर्जन भर किसान नाराज होकर उपकेंद्र सुरियावां पर प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि दो दिन लगातार उपकेंद्र पर आने के बाद उन्हें ठेकेदार से मिलने के लिए कहा गया। आरोप लगाया कि ठेकेदार ने उनसे सुविधा शुल्क मांगा। किसानों ने चेताया कि दो दिन में ट्रांसफार्मर नहीं लगा तो वह वृहद स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में पप्पू उपाध्याय, परविंदर उपाध्याय, राजेन्द्र प्रसाद, शोभनाथ, अमरनाथ, शिवशंकर, भोला गौतम, मुन्नू मिश्रा, अवध नारायण, बलराम पाल, लालजी उपाध्याय आदि मौजूद रहे।