जिलाधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने शनिवार को गोद लिए गांव अछवर के प्राथमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर 71 बच्चों के नामांकन के सापेक्ष 19 की उपस्थिति और 11 बजकर 30 मिनट तक हाटकुक्ड न बनने पर सीडीपीओ समेत तीन को नोटिस जारी करते हुए विभागीय कार्रवाई का निर्देश डीपीओ को दिया। यहां के बाद डीएम ने कई आंगनवाड़ी केंद्रों का जायजा लिया।
शनिवार को सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर डीएम सुरेश कुमार सिंह औराई विकास खंड के अछवर गांव में पहुंचे। डीएम के अचानक पहुंचने पर वहां खलबली मच गई। बच्चों का भोजन केेंद्र पर न बनने से नाराज डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज मौर्य, प्रभारी सीडीपीओ रीता अवस्थी को नोटिस जारी करते हुए विभागीय कार्यवाही के लिए डीपीओ को निर्देश दिया। इसके बाद आंगनबाड़ी तृतीय का निरीक्षण किया। यहां पंजीकृत 68 में 20 बच्चों की उपस्थिति पर गहरी नाराजगी जताते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को हिदायत दी। विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केंद्रों की बदहाल स्थिति को सुधारें अन्यथा एक तरफ से सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अतिकुपोषित और कुपोषित बच्चों को समय से भेेजन दें। डीएम ने सभी सीडीपीओ और सुपरवाईजर को चेतावनी दी कि वह अपने क्षेत्र के केंद्रों का जायजा लेकर रिपोर्ट दें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद डीएम ने प्राथमिक विद्यालय अछवर का निरीक्षण किया। स्कूल में नामांकित बच्चों के सापेक्ष कम उपस्थिति मिलने पर हेडमास्टर केशव यादव और खंड शिक्षा अधिकारी को उपस्थिति बेहतर करने का निर्देश दिया।