ज्ञानपुर। मंडलायुक्त डॉ. मुथू कुमार स्वामी ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं। संपूर्ण समाधान दिवस एवं समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लें। खानापूर्ति करने वाले लेखपाल और कानूनगो पर सख्ती की जाएगी। वह शनिवार को गोपीगंज में समाधान दिवस पर अचानक पहुंचे। सभी थानों में 66 प्रार्थना पत्र आए जिसमें दस का निस्तारण किया गया।
गोपीगंज कोतवाली में मंडलायुक्त ने राजस्व से जुड़े आधा दर्जन मामलों में कानूनगो और लेखपालों की लापरवाही पाई। उन्होंने कहा कि राजस्व की आने वाली शिकायतों में ज्यादातर का निस्तारण नहीं के पीछे लेखपाल और कानूनगो की मनमानी है। समय रहते इस आदत को बदलिए, वर्ना कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपजिलाधिकारी भान सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात राय से टीम बनाकर मामलों का निस्तारण कराने को कहा।
ज्ञानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद तिवारी ने बताया कि राजस्व विभाग के दो मामले आए थे, निस्तारण के लिए टीमें भेजी गई हैं।
भदोही कोतवाली में नए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। यहां आए आठ प्रार्थना पत्रों में दो निस्तारित हुए। औराई कोतवाली में एसडीएम आकाश कुमार की देखरेख में 10 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें एक का निस्तारण किया गया। चौरी थाने में चार मामलों में किसी का निस्तारण नहीं हो पाया। दुर्गागंज थाने में सीओ अजय कुमार चौहान ने समस्याएं सुनी। सात प्रार्थना पत्रों में एक का भी निस्तारण नहीं हो पाया। सभी नौ थानों में कुल 66 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें राजस्व विभाग के 56 और पुलिस के 10 मामले रहे। 10 का निस्तारण कर शेष के लिए टीम गठित की गई।