कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) प्रशासनिक समिति के एक-तिहाई सदस्य इसी वर्ष नवंबर में सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
रिक्त पद को भरने के लिए 2 नवंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके अलावा परिषद ने निर्यात के हिसाब से निर्यातक सदस्यों के सदस्यता शुल्क को भी मंजूरी दे दी है। यह निर्णय मंगलवार को नोएडा में परिषद की 43वीं वार्षिक आम सभा में सर्वसम्मत से लिया गया। सीईपीसी के अनुसार प्रशासनिक समिति में मौजूदा समय में कुल 16 सदस्य हैं। बैठक में सदस्यता शुल्क का नया ढांचा तैयार करते हुए बोर्ड ने उसी स्वीकृति दे दी है।
नए ढांचे के अनुसार लघु और मझोले निर्यातकों का ध्यान रखते हुए 50 लाख तक निर्यात करने वालों को तीन हजार, 50 लाख से एक करोड़ तक निर्यात करने वालों को साढ़े 4 हजार, एक करोड़ से 10 करोड़ तक निर्यात करने वालों को साढ़े 6 हजार तथा दस करोड़ से अधिक के निर्यातकों के लिए 12 हजार सदस्यता शुल्क निर्धारित किया है।
जिसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। चेयरमैन कैप्टन मुकेश कुमार गोंबर ने कहा कि सदस्यता शुल्क घोषित करने में छोटे निर्यातकों का पूरा ध्यान दिया गया है। बताया कि यदि हमारा कोई नया सदस्य पहले वर्ष मे ही 50 लाख का निर्यात करता है तो उसे वार्षिक शुल्क में तीन हजार इंसेटिंव दिया जाएगा।
वार्षिक आम सभा में उपाध्यक्ष असलम महबूब सहित प्रशासनिक सदस्यों महावीर प्रताप शर्मा, मो.वसीफ अंसारी, अनिल कुमार सिंह, संजय गुप्ता, पीयूष बरनवाल, बोधराज मल्होत्रा, रोहित गुप्ता, शेख आशिक अली, मेहराज यासीन जन और शौकत खान तथा परिषद की प्रभारी कार्यकारी निदेशक सह सचिव डॉ. स्मिता नागरकोटी मौजूद रहीं।