राज्य पोषण मिशन योजना के तहत गोद लिए गांव सराय जगदीश में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी आरपी मिश्रा ने प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान खास प्रगति न दिखने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी और सहायिका के मानदेय पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी।
साथ ही चेतावनी दी कि जुलाई से पूर्व कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों की संख्या में गिरावट नहीं आई तो उनकी संविदा समाप्त करने के लिए पत्र लिखा जाएगा।
राज्य पोषण मिशन के तहत डीएम, सीडीओ सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी गांव को गोद लिए हैं। सीडीओ आरपी मिश्रा डीघ के सरायजगदीश गांव को गोद लिए हैं। मंगलवार को सीडीओ दोबारा समीक्षा करने के लिए मंगलवार को गांव पहुंचे।
कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों में पांच माह के दौरान कोई खास प्रगति न मिलने पर उन्होंने सुपरवाईजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका का मानदेय अग्रिम आदेश तक रोक दिया। एएनम को एक माह में चिकित्सकीय व्यवस्था दुरूस्त करने की चेतावनी दी। इस मौके पर चिकित्साधिकारी गुलाबशंकर यादव, सीडीपीओ प्रेमलता सिन्हा, शशिप्रभा सिंह, राजेश मिश्रा, नीलम दीक्षित सहित कई लोग मौजूद रहे।