ज्ञानपुर। महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय अब सीसीटीवी कैमरे से लैस हो गया है। 25 कैमरों से अस्पताल परिसर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इसकी मॉनिटरिंग अस्पताल प्रशासन के अलावा लखनऊ से की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कैमरे के माध्यम से चिकित्सक से लेकर मरीज, तीमारदार सभी पर नजर रख सकेंगे।
मरीज और चिकित्सकों के बीच हमेशा नोकझोंक होती है। कई बार ओपीडी के सामने घंटों से मरीज चिकित्सक का इंतजार करते रहते हैं। समय से चिकित्सक ओपीडी में नहीं बैठते हैं। अब अस्पताल आने वाला हर व्यक्ति कैमरे की नजर में होगा। अस्पताल के मुख्य गेट पर दो कैमरे लगे हैं जबकि सीएमएस ऑफिस के बाहर एक कैमरा और दवा काउंटर पर एक कैमरा लगाया गया है। ओपीडी, इमरजेंसी सहित विभिन्न स्थानों पर कैमरा लग गया है। सीएमएस राजेन्द्र कुमार ने बताया कि परिसर में कैमरा लगाए गए हैं। अब अस्पताल की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी।