इस वर्ष केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाएं 9 मार्च से प्रारंभ हो रही हैं। इसके लिए नगर के मदर हलीमा पब्लिक स्कूल और वुडवर्ड पब्लिक स्कूल के अलावा सीतामढ़ी के दयावंती पुंज माडल स्कूल को केंद्र बनाया गया है। दोनो ही विद्यालयों में परीक्षा कराने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।वुडवर्ड पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल, शालिनी मेहरा ने बताया कि उनके यहां दसवीं के 221 और बारहवीं के 252 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इनमें सेंट थामस ज्ञानपुर, जवाहर नवोदय विद्यालय, मदर हलीमा पब्लिक स्कूल और पीबीएस भदोही पब्लिक स्कूल के बच्चों के अलावा कुछ प्राईवेट छात्रों का भी सेंटर होगा। बताया कि हर रोज केवल पहली पाली में सुबह 10.30 बजे से डेढ़ बजे तक परीक्षा होगी।
मदर हलीमा पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल, शकील अहमद अंसारी ने बताया कि उनके विद्यालय में ग्रीन व्यु पब्लिक स्कूल और वुडवर्ड पब्लिक स्कूल के केवल बारहवीं के 267 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विद्यालय की राह आसान करने के लिए जगह जगह सूचक लगाए गए हैं। उधर इस वर्ष से सीतामढ़ी के दयावंती पुंज माडल स्कूल को भी केंद्र बना दिया गया है। इससे भारी संख्या में छात्रों और उनके अभिभावकों को राहत मली है। माडल स्कूल की प्रिंसिपल डा.राजकुमारी ने बताया कि उनके यहां दसवीं और बारहवीं के कुल 261 छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए सभी कालेजों का प्रबंध तंत्र व्यवस्था में लग गया है।