कैयरमऊ ट्रेन हादसे में चार बच्चों को खो चुका मिथिलेश मिश्र का परिवार सदमें से नहीं उबर पा रहा है। सेना में नौकरी कर रहे मिथिलेश के तीन भाई सीबीआई जांच की मांग पर अड़ गए हैं। कहा कि पीएमओ को पत्र भेजकर मांग करेंगे। मांग पूरी न हुई तो वह परिवार संग ट्रैक पर जान दे देंगे।
सोमवार को कैयरमऊ में हुए ट्रेन हादसे में मिथलेश मिश्र के दो बेटे और चचेरे भाई रवींद्र मिश्र की एक बेटी और एक बेटा की मौत हो गई थी। परिवार में चार बच्चों की मौत ने परिवार को हिलाकर रख दिया है। मिथिलेश मिश्र के तीन भाई रोहित मिश्रा, जितेंद्र मिश्रा और जेके मिश्रा सेना में नौकरी कर रहे हैं। घर लौटे तीनों भाई ने कहा कि देश की सुरक्षा में वह दिन रात लगे हुए हैं लेकिन उनका परिवार ही सुरक्षित नहीं है। जेके मिश्रा ने नम आंखो से कहा कि परिवार में एक भी बच्चा नहीं बचा। उन्होंने घटना को साजिश बताया। कहा कि पीएम, गृह मंत्री को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच की मांग करेंगे।