जीटी रोड पर गोपीगंज थानाक्षेत्र के किशुनदेवपुर गांव के समीप शुक्रवार को ट्रेलर से कुचलकर एक कांवरिया की मौत के बाद बवाल हो गया। नाराज कांवरियों ने तोड़फोड़ करने के बाद ट्रेलर को फूंक दिया। ट्रेलर में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लदी थी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी और कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
बताया जाता है कि मिर्जापुर जिले के चुनार थानाक्षेत्र के केला बेला अदलपुर गांव निवासी विजय कुमार उर्फ पप्पू बिंद (43) कृषि विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। प्रयाग से जल उठाकर वह काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक के लिए बृहस्पतिवार की रात में निकला था। शुक्रवार की सुबह रास्ते में वह जगीगंज क्षेत्र के किशुनदेवपुर गांव में अपनी बहन प्रेमा के यहां रुक गया और भोजन-विश्राम के बाद बनारस के लिए निकलने की योजना बनाई थी। उसका भाई दीपक भी पीछे से जल लेकर आ रहा था। बताते हैं कि शुक्रवार की शाम साढ़े चार बजे के आसपास वह बनारस के लिए निकलने से पूर्व किसी काम के सिलसिले में वह कांवरियों के लिए आरक्षित उत्तरी लेन को छोड़कर दक्षिणी लेन पर चला गया। सड़क पार करते समय इलाहाबाद से वाराणसी की तरफ जा रहे अंग्रेजी शराब लदे ट्रेलर की चपेट में आ गया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे चालक को जीटी रोड पर तैनात पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। सड़क दुर्घटना में कांवरिया की मौत की खबर मिलते ही हाईवे पर गुजर रहे अन्य कांवरिया भड़क गए और ट्रेलर को आग लगाकर फूंक दिया। देखते ही देखते ट्रक धूं-धूं कर जल गया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। थोड़ी ही देर में मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। घटना के लगभग आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ट्रेलर जल चुका था। मौके पर डीएम प्रकाश बिंदु के अलावा डीआईजी रतन कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद भूषण पांडेय और गोपीगंज, ऊंज, औराई, ज्ञानपुर आदि थानों की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने कांवरिया के क्षत-विक्षत हो चुके शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद क्रेन मंगवाकर ट्रेलर को हटाया गया। इस दौरान जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया।