दुर्गागंज। थानाक्षेत्र के मिश्राइनपुर गांव में 10 दिन पूर्व हुई मारपीट और छिनैती की घटना में पुलिस ने सात नामजद एवं कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पहले तो पुलिस ने मामले में हीलाहवाली की लेकिन एसपी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
भंडा गांव निवासी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आठ मई को वह अपने दोस्त विवेक कुमार पाठक के साथ दुर्गागंज के मिश्राईनपुर स्थित प्लाट पर बैठा था। उसी दौरान करनपुर गांव के कुछ लोग पहुंचे और गालीगलौज व मारपीट करने लगे। सोने की चेन और अंगूठी छीन ली। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे तो वे भाग गए। पीड़ित ने बताया कि पहले तो पुलिस कार्रवाई में आनाकानी करती रही। एसपी के निर्देश पर रविवार को हरिशंकर यादव, रमाशंकर यादव, विकास यादव, आकाश, रमेश, पवन और आशीष यादव के खिलाफ नामजद एवं कई अज्ञात के खिलाफ बलवा मारपीट, गालीगलौज और छिनैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।