भदोही के पूरे श्याम में कालीन कारखाने के छापे के दौरान मौजूद एसडीएम आशीष मिश्रा।
- फोटो : BHADOHI
भदोही। कोतवाली अंतर्गत नगर के पूरेश्याम मोहल्ले में एक कालीन कारखाने में एक दर्जन बुनकरों को कालीन बुनाई करते हुए पकड़ा गया है। कारखाना संचालक के विरुद्ध लॉकडाउन का उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
लॉकडाउन का जायजा लेने निकले उपजिलाधिकारी आशीष कुमार मिश्र ने यह कार्रवाई की। जानकारी मिली है कि एसडीएम बुधवार को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के औचक निरीक्षण में निकले थे। पूरेश्याम मोहल्ले में कारखाने में काम होने की सूचना पर छापा मारा। यहां 12 लोग काम करते मिले। एसडीएम ने इसे गंभीर मानते हुए कोतवाली पुलिस को ंमौके पर बुलाकर कालीन कारखाना संचालक जावेद अख्तर को गिरफ्तार कर दिया। एसडीएम ने बताया कि कारखाने में स्टेशन रोड स्थित ईआरएम कंपनी का कालीन बन रहा था। ऐसे में केवल संचालक ही नहीं बल्कि कंपनी भी इसके लिए जिम्मेदार है।
कोतवाल श्रीकांत राय ने बताया कि कारखाना संचालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि काम करते मिले मजदूरों को कारखाने में ही रहने को निर्देशित किया गया है। उन्होंने पुन: लोगों को चेतावनी दी कि लॉकडाउन का उल्लंघन न करें अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी।