लालानगर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के सरायजगदीश-धनीपुर गांव निवासी युवक अवनीश कुमार तिवारी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को भाजपा नेता, शिक्षक समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
अवनीश गत सोमवार की रात रेलवे लाइन किनारे एक गड्ढे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। उसके सिर में गंभीर चोट और दोनों हाथ, पैर टूटे थे। सूचना पर परिजनों के साथ जंगीगंज चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे गड्ढे से बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा। चौकी प्रभारी मोहम्मद सगीर ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर भाजपा नेता विनय बहादुर मिश्र, अरुण कुमार मिश्र, शिक्षक रितेश तिवारी, शिवनाथ तिवारी और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घायल युवक के भाई अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि घटना का कारण भूमि विवाद है, जिसकी तहरीर पुलिस दी गई है। घायल अवनीश का इलाज भदोही स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। हालत चिंताजनक बताई गई है।