22 जनवरी को पन्ना लाल रोड स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में कमरा लेकर रहने वाली छात्रा की खुदकुशी मामले में नया मोड़ सामने आया है। जार्जटाउन थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने पर तीन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
भदोही के सुरियांव थाने के बली का पूरा गांव की अंशु सिंह उर्फ जाह्नवी नीट की तैयारी करती थी। सात साल से पन्नालाल रोड स्थित गर्ल्स हाॅस्टल में रहती थी। 22 जनवरी देर रात उसने फंदे से लटककर जान दे दी थी। पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट भी मिला था। लेकिन, उस दौरान घरवालों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी थी।
परिजनों ने बताया कि अंशु की चार साल पहले वैभव उपाध्याय नाम के युवक से जान-पहचान हो गई थी। वैभव के माता-पिता भी अंशु को जानने लगे थे। घटना के चार-पांच दिन पहले से वह काफी परेशान थी। फोन पर बातचीत के दौरान उसकी परेशानी साफ पता चल रही थी। 22 जनवरी की रात उससे फोन पर बातचीत कर दूसरे दिन घर बुलाने की बात कही गई थी। लेकिन, उसी रात उसने जान दे दी।