भदोही। बकाया वसूली अभियान में शुक्रवार को विभागीय विजलेंस टीम ने शहर के कई मोहल्लों में छापा मारा। इस दौरान बिजली चोरी में पकड़े गए 12 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया, जबकि 42 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। मोहल्ला पंचभैया, गौरियाना, नूरखांपुर, जमुंद आदि मोहल्लों में तड़के छापा मारने से खलबली मची रही।
सुबह छह बजे विजिलेंस टीम कस्बे में पहुंची। सुबह सुबह टीम के सदस्यों को देख बिजली चोरी करने वालों में खलबली मच गई। जांच में एक दर्जन कटिया कनेक्शन धारकों को पकड़ा गया। एक्सईएन राम कुमार ने बताया कि कुल दो सौ उपभोक्ताओं की जांच की गई। सुबह सुबह होने से बकाए की वसूली तो नहीं हुई, लेकिन 42 बकाएदारों की बिजली काट दी गई। उन्हें भुगतान का अल्टीमेटम दिया गया है। कटिया कनेक्शन धारकों के विरुद्ध विजिलेंस थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। एक्सईएन ने बताया कि 10 हजार से अधिक बकाएदारों को जल्द से जल्द भुगतान करने का अल्टीमेटम दिया गया है।इस दौरान विजलेंस इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय, जेई हरिशंकर कुशवाहा, प्रमोद चौहान, कुंवर ज्योति प्रकाश, संत कुमार आदि रहे।